उत्तराखण्डविशेष समाचार

थाना सतपुली पुलिस ने वृद्ध आश्रम में मनाई स्नेह और सम्मान की होली

पौड़ी 04 मार्च। होली के पावन अवसर पर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकार का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हुए थाना सतपुली पुलिस द्वारा वृद्ध आश्रम मलेठी, सतपुली में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीयता, सम्मान और स्नेह के साथ रंगोत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने आश्रम में रह रहे प्रत्येक वृद्धजन से व्यक्तिगत रूप से भेंट की, उनकी कुशलक्षेम जानी तथा उनके जीवन के अनुभवों को बड़े ही भावनात्मक और सम्मानजनक ढंग से सुना। रंग-गुलाल लगाकर पुलिस कर्मियों ने अपनत्व और विश्वास का संदेश दिया, जिससे वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता और संतोष की मुस्कान साफ झलकती नजर आई।
वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर दिखाई देती खुशी यह दर्शा रही थी कि सच्ची होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों, सम्मान और मानवीय जुड़ाव का उत्सव है। पुलिस कर्मियों ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को यह आश्वस्त किया कि वे स्वयं को कभी अकेला न समझें—पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है और उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
थाना सतपुली पुलिस की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों एवं आश्रम प्रबंधन द्वारा भी प्रशंसा की गई, और इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया गया।

Related Articles

Back to top button