उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

लोक भवन में रंगारंग होली मिलन समारोह, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

लोक भवन,देहरादून 04 मार्च 2026 ।लोक भवन में बुधवार को होली के पावन अवसर पर रंगारंग होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और पुष्कर सिंह धामी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं गणेश जोशी उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग एवं अधिकारीगण कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने देशवासियों, विशेष रूप से उत्तराखण्ड के नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली हर्ष, उल्लास और ईश्वर के आशीर्वाद का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता समरसता है, जहां प्रेम, स्नेह और सौहार्द के साथ समाज के सभी वर्ग एक-दूसरे से जुड़ते हैं। रंगों के माध्यम से एकता और एकजुटता का संदेश पूरी मानवता तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। होली आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता को और मजबूत करती है। उन्होंने कामना की कि रंगों का यह उत्सव प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे तथा उत्तराखण्ड विकास, समृद्धि और प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर हो।

Related Articles

Back to top button