उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में बिखरे होली के रंग

देहरादून 02 मार्च । स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। परिसर में चारों ओर होली की उमंग दिखाई दी, जहां छात्र-छात्राओं के साथ अध्यापक भी जमकर थिरकते नजर आए और पूरा वातावरण रंग और संगीत से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ नीरज श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात बी.ए.एम.एस., बी.एन.वाई.एस. एवं बी.एससी. नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।
संगीत विभाग की प्रस्तुतियाँ समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। राहुल रावत ने बैठकी होली के मधुर एवं पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर लोकसंस्कृति की झलक पेश की। लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बैठकी होली ने उपस्थित जनों को कुमाऊँ-गढ़वाल की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
विभिन्न नृत्य, लोकगीत एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षाविदों एवं स्थानीय ग्राम प्रधानों ने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हुए सामाजिक एकता पर बल दिया। अंत में सभी ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का संचालन अर्पण ने किया। समारोह में संस्था के सचिव बालकृष्ण चमोली, संयुक्त निदेशक डॉ प्रदीप कोठियाल सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button