उत्तर प्रदेशराजनीति

सुरक्षा काफिले के साथ बसपा नेता राव मोहतरम का बेहट विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क दौरा

बिहारीगढ़ (सहारनपुर) 01 मार्च। बेहट विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी एवं बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता राव मोहतरम ने क्षेत्र में सुरक्षा काफिले के साथ सघन दौरा कर आमजन से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों व कस्बों में पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे राव मोहतरम के समक्ष रखे। लोगों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की आवाज को प्राथमिकता दी जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इसी क्रम में राव मोहतरम बिहारीगढ़ में एक बसपा कार्यकर्ता के पारिवारिक 13वीं कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उनकी उपस्थिति को कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर राव मोहतरम ने कहा, “मैं बेहट विधानसभा क्षेत्र की जनता का सेवक हूं। जनता का सुख-दुख ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। क्षेत्र की हर समस्या को मजबूती से उठाया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि बहुजन समाज पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर क्षेत्र को एक नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के सम्मान और सहयोग के बिना कोई भी राजनीतिक यात्रा सफल नहीं हो सकती।
दौरे के दौरान उनके साथ मुख्य रूप से पूर्व डीएस अध्यक्ष वेदपाल गौतम, दिलशाद मलिक, शाबान (गुड्डू), निखिल कर्णवाल, अंकित कुमार, परसा गौतम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button