राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने देहरादून से किया राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

लोक भवन,देहरादून 28 फरवरी,2026 । 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अजमेर से सर्विकल कैंसर की रोकथाम हेतु राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह पहल महिला स्वास्थ्य, किशोरियों के कल्याण एवं सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
इसी क्रम में गांधी शताब्दी चिकित्सालय में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ कर प्रदेश-व्यापी अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल ने माननीय प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्र की बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में अत्यंत संवेदनशील और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ राष्ट्र का भविष्य हैं और स्वस्थ नारी ही परिवार व समाज की सशक्त रीढ़ होती है। एचपीवी टीकाकरण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम हेतु महिला स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत संकल्प है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन मिशन की शुरुआत महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल आने वाले वर्षों में महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 155 एचपीवी टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जो सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थित हैं। इन केंद्रों पर 14 वर्ष आयु की पात्र किशोरियों को वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर एचपीवी टीका लगाया जाएगा, ताकि संक्रमण से पूर्व अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान में क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन (गार्डासिल) का उपयोग किया जा रहा है, जो एचपीवी वायरस के चार उच्च-जोखिम प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है। निजी क्षेत्र में जिसकी प्रति डोज कीमत लगभग ₹4,000 है, वही वैक्सीन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु डॉक्टरों, नर्सों एवं फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है तथा टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे, मिशन निदेशक मनुज गोयल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन, मेडिकल कॉलेजों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



