उत्तराखण्डकानून व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषिकेश जया बलूनी द्वारा पुलिस लाइन देहरादून का अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

देहरादून,24 फरवरी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषिकेश जया बलूनी द्वारा पुलिस लाइन देहरादून का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रागार, गणना कार्यालय, कैश कार्यालय, स्टोर कार्यालय, लाइब्रेरी, अश्वशाला, परिवहन शाखा, गैस गोदाम, पेट्रोल पंप सहित विभिन्न शाखाओं का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही इन शाखाओं में तैनात पुलिस बल/जनशक्ति का आकलन भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार में उपलब्ध समस्त शस्त्रों की गणना, उनके रख-रखाव एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शस्त्रों के नियमित रखरखाव, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बैरकों, भोजनालय, परिसर की स्वच्छता व्यवस्था एवं कार्यालय अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने सभी कार्मिकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासन एवं तत्परता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने तथा सरकारी संपत्ति के संरक्षण हेतु प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही एसएसपी देहरादून द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषिकेश जया बलूनी ने कहा कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षण से व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनी रहती है तथा पुलिस बल की कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि होती है।

Related Articles

Back to top button