निर्माणाधीन एम्स किच्छा का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

किच्छा, 24 फरवरी 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने निर्माणाधीन एम्स किच्छा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए श्रमिकों की संख्या एवं उपकरण बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी (NCC) शंकर बालू को आगामी माह मई तक चिकित्सालय भवन का कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक भवन एवं ओपीडी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना बनाकर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जल्द से जल्द ओपीडी सेवाएं प्रारंभ की जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंता को मेडिकल उपकरणों एवं फर्नीचर की खरीद के लिए संबंधित फर्मों को तत्काल ऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को प्रत्येक पखवाड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ आवासों का भी निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को दिए। महाप्रबंधक एनसीसी ने बताया कि चिकित्सालय भवन के दो फ्लोर का कार्य मई माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि शेष कार्य जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय भवनों का लगभग 80 से 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एम्स चिकित्सालय की पेंटिंग के लिए रंगों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा निर्माण कार्य पूर्ण होते ही पेंटिंग कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंता ने बताया कि मेडिकल उपकरणों के ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं तथा फर्नीचर के सैंपल ले लिए गए हैं, स्वीकृति मिलते ही फर्नीचर का ऑर्डर भी दे दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने एसटीपी कार्यों में भी तेजी लाने तथा ड्रेनेज कार्य को अधिशासी अभियंता सिंचाई के समन्वय से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, एजीएम एनसीसी अजय, प्रबंधक हरिशंकर, अरुण सिंह, सहायक अभियंता सीपीडब्ल्यूडी राकेश पटेल, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित



