चुलकाना धाम खाटू श्याम के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, भजनों पर थिरके श्याम प्रेमी

झिंझाना,शामली। कस्बे से मंगलवार को श्रद्धालुओं का एक भव्य जत्था चुलकाना धाम व खाटू श्याम मंदिर के लिए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुआ। यात्रा का शुभारंभ कस्बे के श्री राम ठाकुर द्वारा में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण खाटू श्याम के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु डीजे पर बज रहे खाटू श्याम के भजनों पर झूमते नजर आए। श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए नृत्य कर रहे थे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय बन गया। यात्रा में शामिल आशु शर्मा और बॉबी शर्मा ने बताया कि यह 26वीं चुलकाना धाम निशान यात्रा एवं फाल्गुन महोत्सव है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर बाबा के दरबार में निशान अर्पित करते हैं।
यात्रा में बाबा खाटू श्याम की सुसज्जित रथ में सुंदर झांकी भी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के दर्शन करने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ उमड़ी रही और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया। कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी यात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
पदयात्रा में आशु शर्मा, बॉबी शर्मा, सुशील बिंदल, राहुल कश्यप, उत्तम सैनी, राहुल गोयल, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने भाग लिया। यात्रा से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश पाल कश्यप, सुरेन्द्र मित्तल सहित धार्मिक लोगों ने पूजा कर आरती में भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल होकर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि फाल्गुन मास में खाटू श्याम की यात्रा का विशेष महत्व होता है और इस यात्रा में शामिल होकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है।
रिर्पोट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।
