मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का भव्य समापन, देहरादून बना विजेता
देहरादून 18 फ़रवरी ।
पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी प्रदान करते हुए 05 लाख रुपये का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह भव्य समापन केवल एक प्रतियोगिता का अंत नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। खेल आयोजनों के माध्यम से आज गाँव-गाँव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी सशक्त पहचान बना चुका है। इस आयोजन में 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। आज फिटनेस एक जनआंदोलन बन चुकी है और भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 7वां स्थान हासिल किया। आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते राज्य अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी में सक्षम हो चुका है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के अंतर्गत खिलाड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से युवाओं को मासिक छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों हेतु आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रशिक्षकों के मानदेय और प्रोत्साहन राशि में भी वृद्धि की गई है।
उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को “उत्तराखंड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” जैसे सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही, खेल महाकुंभ एवं अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में आवेदन पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 से न्याय पंचायत स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ हुआ। इस आयोजन में 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा 26 खेल स्पर्धाएं शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आगामी राष्ट्रीय, राष्ट्रमंडल और 2036 ओलंपिक खेलों के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।