‘डिजिटल उत्तराखण्ड के नए स्वर का उदय’ — विश्व संवाद केंद्र, उत्तराखण्ड न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ
देहरादून 18 फ़रवरी ।
प्रान्त कार्यालय उत्तराखण्ड, देहरादून में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र, उत्तराखण्ड के न्यूज़ पोर्टल (https://vskuttarakhand.com�) का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी ने कहा कि यह न्यूज़ पोर्टल एक सशक्त डिजिटल संवाद, सांस्कृतिक एवं सूचनात्मक मंच है, जो उत्तराखण्ड की गौरवशाली विरासत, सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक मूल्यों और लोकहित से जुड़े विषयों पर आधारित सामग्री प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर विचारपरक लेख, विश्लेषणात्मक सामग्री, शैक्षिक लेखों के साथ-साथ देश-दुनिया की ताज़ा खबरें—राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीकी जगत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ—हिंदी भाषा में उपलब्ध होंगी।
डॉ. शैलेन्द्र जी ने कहा कि यह मंच पाठकों को विश्वसनीय सूचनाओं तक सुलभ पहुंच प्रदान करने के साथ-साथ ज्ञानवर्धन और वैचारिक संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी से इस डिजिटल यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पोर्टल सत्य, संवाद और सकारात्मकता के मूल्यों के साथ आगे बढ़ेगा।
लोकार्पण समारोह में प्रांत प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी, प्रांत व्यवस्था प्रमुख श्री नीरज मित्तल जी, विभाग प्रचारक श्रीमान धनञ्जय जी, प्रांत टोली सदस्य एवं सोशल मीडिया प्रमुख, देहरादून विभाग के श्री प्रदीप आनंद जी, विभाग प्रचार प्रमुख श्री गजेंद्र खंडूरी जी, सह विभाग कार्यवाह श्री अरुण जी सहित अनेक संघ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने न्यूज़ पोर्टल को डिजिटल युग में उत्तराखण्ड की आवाज़ बताते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और प्रेरक पहल करार दिया।