काशीपुर–बाजपुर में सघन वाहन चेकिंग अभियान, 80 वाहनों पर कार्रवाई, 18 सीज
काशीपुर/बाजपुर,16 फरवरी 2026।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा काशीपुर व बाजपुर क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, बिना नंबर प्लेट, बिना परमिट एवं बिना वैध प्रपत्रों के चल रहे वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 80 वाहनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 18 वाहनों को सीज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन का संचालन करें।