उत्तराखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेर बदल,अजय पर गिरी गाज, प्रमेंद्र को ताज, नवनीत को हरिद्वार का चार्ज
आज सुबह से ही राजधानी के कप्तान को हटाए जाने के लगाए जा रहे थे कयास
देहरादून 13 फरवरी । प्रदेश में बढ़ते अपराधों और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच शासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग से जारी आदेशों के अनुसार कई संवेदनशील जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है।
राजधानी देहरादून में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं की बढ़ती श्रृंखला के बाद एसएसपी अजय सिंह पर गाज गिर गई। उन्हें एसएसपी पद से हटाकर एसटीएफ भेज दिया गया है। उनके स्थान पर हरिद्वार में तैनात परमेंद्र डोभाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
वहीं हरिद्वार जिले की कमान अब नवनीत सिंह को सौंपी गई है। नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्र को जनपद से हटाते हुए पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना (इंटेलिजेंस) की जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला सूची में हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर के साथ-साथ रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जैसे जनपद भी शामिल हैं।
माना जा रहा है कि लगातार बढ़ते अपराधों और जनदबाव के बाद शासन ने सख्ती दिखाते हुए यह बड़ा पुलिस प्रशासनिक फेरबदल किया है, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।