उत्तराखण्डशासन

14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में लगेगा उधमसिंह कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

रूद्रपुर,13 फरवरी 2026 । जनपद उधमसिंह नगर में 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क, रूद्रपुर में उधमसिंह कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। सरस मेले का शुभारंभ सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा।
सरस मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विधायक शिव अरोरा एवं संबंधित अधिकारियों के साथ मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि मेले की सभी तैयारियां समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि शनिवार को अपराह्न 4 बजे सरस आजीविका मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद प्रभारी एवं ग्राम विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा तथा क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री द्वारा मेले में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया जाएगा। प्रथम दिवस सायं 5:30 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हिमनांद बैंड की प्रस्तुति एवं अमर नाथ सेवा मंडल द्वारा शिव जागरण की भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेन्द्र सिंह, विद्युत विभाग से उमाकांत चतुर्वेदी, लघु सिंचाई विभाग के सुशील कुमार, खण्ड विकास अधिकारी असित आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button