अपराधउत्तराखण्ड

देहरादून में जंगलराज? वीवीआईपी राजपुर रोड पर सरेआम गोलीकांड, पुलिस तमाशबीन!

देहरादून 13 फरवरी । राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेलगाम होती नजर आ रही है। वीवीआईपी और हाई-सिक्योरिटी ज़ोन माने जाने वाले राजपुर रोड स्थित Silver City मॉल के बाहर शुक्रवार शाम अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी—और आरोपी फरार हो गया।
मृतक विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकल ही रहा था कि हमलावर ने बेहद नजदीक से गोली दाग दी। भीड़भाड़ वाले मॉल परिसर में गोली चलने से भगदड़ मच गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल के आसपास न तो कोई पुलिसकर्मी मौजूद था, न ही कोई त्वरित सुरक्षा प्रतिक्रिया दिखी।
गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सवाल यह नहीं है कि हत्या कैसे हुई—सवाल यह है कि इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर अपराधी इतनी आसानी से हत्या कर कैसे भाग निकला?
घटना के बाद पुलिस का पहुंचना, सीसीटीवी खंगालने की बात करना और “आपसी रंजिश” का रटा-रटाया बयान देना—क्या यही है राजधानी पुलिस की तत्परता?
स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। उनका कहना है कि राजपुर रोड पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ कागजी कार्रवाई और बयानबाज़ी तक सीमित है।
क्या वीवीआईपी इलाके भी अब सुरक्षित नहीं रहे?
क्या अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं?
और कब तक हर हत्याकांड के बाद सिर्फ ‘जांच जारी है’ सुनाया जाता रहेगा?
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देहरादून में अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस व्यवस्था सवालों के कटघरे में। अब देखना यह है कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचता है या यह मामला भी बाकी अनसुलझे केसों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button