उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

धामी विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आमवाला तरला आवासीय योजना का किया निरीक्षण

ईडब्ल्यूएस भवनों की गुणवत्ता परखी

देहरादून, 13 फरवरी 2026 ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार किफायती, सुनियोजित और नागरिक-अनुकूल आवासीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्राधिकरण की आमवाला तरला आवासीय योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
ईडब्ल्यूएस भवनों का निरीक्षण, लाभार्थियों से सीधा संवाद
आवास सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों की संरचनात्मक गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत, सीवरेज, स्वच्छता व्यवस्था एवं आंतरिक सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां निवासरत लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। लाभार्थियों ने योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने पर सरकार के प्रति आभार जताया। सचिव ने अधिकारियों को प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एलआईजी, एमआईजी व एचआईजी भवनों की प्रगति की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एलआईजी, एमआईजी एवं एचआईजी वर्ग के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजना की प्रगति, बुकिंग स्थिति और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि एचआईजी वर्ग के लगभग सभी फ्लैट बुक हो चुके हैं। इस उपलब्धि पर सचिव ने प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य वर्गों के फ्लैटों के विक्रय की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्त निर्देश
डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, चरणबद्ध समीक्षा और तकनीकी मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाएं केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सुरक्षित वातावरण, हरित क्षेत्र, सामुदायिक सुविधाएं और समुचित पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता श्री सुनील कुमार, अवर अभियन्ता श्री सुनील उप्रेती, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव सुश्री रितिका सिंह सहित निर्माणदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सचिव ने सभी अधिकारियों को टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आमवाला तरला आवासीय योजना को राज्य में एक आदर्श आवासीय मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।
आवास सचिव का बयान
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है। आमवाला तरला आवासीय योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ईडब्ल्यूएस भवनों की गुणवत्ता संतोषजनक है, जबकि निर्माणाधीन कार्यों को भी समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूर्ण करना आवश्यक है। पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करते हुए इस योजना को आदर्श आवासीय विकास मॉडल के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button