धामी सरकार में तबादलों की आहट तेज: DM रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन समेत 6 IAS अफसर इधर-उधर, आगे भी फेरबदल के संकेत
देहरादून 12 फरवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर प्रशासनिक महकमे में तबादलों की गड्डी फेरते हुए गुरुवार को DM रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन सहित 6 IAS अधिकारियों को इधर-उधर कर दिया। इस फेरबदल में 3 PCS और 2 सचिवालय सेवा के अधिकारी भी प्रभावित हुए हैं। तबादलों के यह बादल अभी टुकड़ों में बरस रहे हैं और आने वाले दिनों में इसके और तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
तबादलों के तहत रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन की कुर्सी GMVN-JJM-नमामि गंगे के प्रबंध निदेशक से अदला-बदली की गई है। वहीं, उनकी जगह विशाल को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रतीक जैन और विशाल दोनों 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं।
रुद्रप्रयाग में बेहद कम समय में प्रतीक जैन ने अपनी कार्यशैली, मेहनत और व्यवहार कुशलता से खासा जनसमर्थन और लोकप्रियता हासिल की थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें KFW प्रोजेक्ट की भी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे उनके काम पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
इस फेरबदल में 2014 बैच के IAS संजय कुमार से डेवलपमेंट सेवायोजन निदेशक की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। वे अब केवल Skill Development and Training के निदेशक पद पर कार्यरत रहेंगे।
SIIDCUL के प्रबंध निदेशक सौरभ गहरवार (2016 बैच) को रुड़की प्रेस और अपर सचिव (उद्योग) की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मुख्यमंत्री के अपर सचिव का दायित्व संभाल रहे नरेंद्र भंडारी (2016 बैच) को ACEO (उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड) और निदेशक, रोजगार का जिम्मा भी दिया गया है।
PCS स्तर पर अपर सचिव गिरधारी सिंह रावत, त्रिलोक सिंह मार्तोलिया और अब्ज प्रसाद वाजपाई की जिम्मेदारियों में भी इजाफा किया गया है। इसके अलावा सचिवालय सेवा के अपर सचिव कवीन्द्र सिंह और सुरेश जोशी को भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
प्रशासनिक गलियारों में तबादलों को लेकर कई IAS अधिकारी लगातार नजरें गड़ाए बैठे हैं। पहले से कयास लगाए जा रहे थे कि तबादले बड़े और निर्णायक होंगे। फिलहाल ऐसा नहीं हुआ है, लेकिन संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में और अहम फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।
इसी बीच IPS कैडर में भी फेरबदल की फुसफुसाहट तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो कुछ जिलाधिकारी और पुलिस कप्तानों के बदले जाने पर भी अचंभा नहीं होगा। ये बादल कब बरसेंगे, यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सिवा फिलहाल कोई नहीं जानता।

