दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या, परेड ग्राउंड के बाहर सनसनीखेज वारदात
देहरादून 11 फरवरी।
राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे तिब्बती मार्केट के पास परेड ग्राउंड के बाहर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून थे और जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी का संचालन करते थे। वे प्रतिदिन की तरह सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त कर जब वे वापस लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल अर्जुन शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उनकी मां द्वारा पूर्व में उच्च न्यायालय में अपने पुत्र को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग भी की गई थी।
घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई नीली एक्टिवा/स्कूटी की तलाश में पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से शहर में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।