उत्तराखण्डराजनीति

16 फरवरी को होने वाले ‘राजभवन घेराव’ को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में हुई वरिष्ठ नेताओं की बैठक

देहरादून,11 फरवरी । अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर दिनांक 16 फरवरी 2026 को उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किए जा रहे विशाल “राजभवन घेराव” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन, 21 राजपुर रोड, देहरादून में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने की।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राजभवन घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने हेतु अपने-अपने सुझाव दिए तथा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा, जनभागीदारी एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए निवर्तमान मीडिया प्रभारी श्री राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार उत्तराखण्ड में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर 16 फरवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी द्वारा विशाल राजभवन घेराव आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने कहा कि राजभवन घेराव के दौरान कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के लगातार हो रहे हमलों जैसे गंभीर समसामयिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का काम करेगी।
इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया और वहां मौजूद पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश अध्यक्ष श्री गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, महिला विरोधी एवं युवा विरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े पुलिस की नाक के नीचे महिलाओं पर हिंसक घटनाएं हो रही हैं और व्यापारियों की सरेआम हत्याएं की जा रही हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता अब इस निकम्मी सरकार से छुटकारा चाहती है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राजेश चमोली, लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य संजय शर्मा, अमरजीत सिंह, प्रीतम आर्य, प्रशान्त खंडूरी, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, अनिल नेगी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button