उत्तराखण्डराजनीति

भाजपा ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के लिए धामी का किया आभार!

मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की शुरुआत ऐतिहासिक कदम: रुचि भट्ट

देहरादून 11 फरवरी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की शुरुआत का स्वागत किया है। जिसके अंतर्गत चयनित 1024 महिलाओं को स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बनाने का यह कदम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि कल 6 जिलों की 484 महिलाओं के बैंक खातों में सीधे करीब 3 करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि भेजी गयी है। बाकी के जिलों में चयनित 540 महिलाओं को भी चार करोड़ रुपये की धनराशि इसी माह भेज दी जाएगी। इस योजना में एकल महिलाओं को 75% सब्सिडी दी जा रही है। इसमें स्वरोजगार की कुल लागत का केवल 25% महिला की तरफ से लगेगा, बाकी की धनराशि सरकार अनुदान देगी।

उन्होंने कहा कि हमारे आसपास ऐसी बहुत सी महिलाएं हैं जो कि विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एसिड अटैक या आपराधिक घटना की पीड़ित या ट्रांसजेंडर होने की वजह से आर्थिक रूप से मजबूर हैं। इस वजह से ये महिलाएं अपने जीवन यापन के लिए दूसरों पर निर्भर होती हैं एवं अपमान का जीवन जीने को मजबूर हैं। ऐसी महिलाएं जिनकी आमतौर पर समाज में अवहेलना होती है, ऐसी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली ये योजना हमारे राज्य में महिलाओं के हितों के लिए किए जाने वाले ऐतिहासिक निर्णयों में से एक है।

रुचि भट्ट ने कहा कि यह योजना सही मायनों में एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना कर अपने पैरों पर खड़ा करेगी, उनको समाज में सही सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता दिलाएगी।

वहीं जोर देते हुए कहा, धामी सरकार शुरुआत से ही महिलाओं के हितों की चिंता करती आई है। जिस संदर्भ में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग की महिलाओं की परेशानियां दूर करने का सफल प्रयास करती रही है। राज्याधीन सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सशक्त बहना उत्सव, महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री उद्यमशाला, समान नागरिक संहिता इसके कुछ उदाहरण हैं।

Related Articles

Back to top button