सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी सख्त, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड पर चलेगा विशेष अभियान
भारी व खनन वाहनों के लिए रूट तय करने के निर्देश, नियम तोड़ने पर सीज की कार्रवाई
रूद्रपुर,10 फरवरी 2026 ।
सड़क सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ओवरलोडिंग तथा भारी वाहनों की तेज गति पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, एआरटीओ एवं सड़क विभाग के अधिकारी दो दिवस के भीतर भारी एवं खनन वाहनों के लिए निर्धारित रूट तय कर उनका संचालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रातः विद्यालय खुलने के समय एवं छुट्टी के समय शहरों व कस्बों में भारी एवं खनन वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने ऐसे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय एवं रूट के अतिरिक्त चलते पाए जाने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्टोन क्रेशरों से ओवरलोड खनिज वाहन निकलने पर संबंधित क्रेशर संचालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी क्रेशर संचालकों को निर्देशित किया कि वे केवल निर्धारित खनिज भार के अनुसार ही वाहनों की निकासी सुनिश्चित करें। साथ ही खनन क्षेत्रों में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि खनिज परिवहन में लगे वाहनों को ढककर चलाया जाए, जिससे सड़कों पर रेता व बजरी न गिरे और दुर्घटनाओं की संभावना न बने। इसके साथ ही मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त जांच एवं कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि आज से ही ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीड के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने भारी वाहनों के लिए रूट निर्धारित करते हुए शहरों, कस्बों तथा हाईवे से जुड़ी सड़कों को चिन्हित कर बैरियर लगाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (एक्सीडेंट जोन) को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने सड़कों पर निराश्रित पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे पशुओं को शीघ्र सेल्टर हाउस में भेजा जाए।
बैठक में पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एवं थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।