उत्तराखण्डविशेष समाचार

राज्यपाल ने किया “फ्लेवर ऑफ देवभूमि” पुस्तक का विमोचन

उत्तराखण्ड की पारंपरिक रसोई, संस्कृति और स्वास्थ्य का संगम

देहरादून, 09 फरवरी 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को लोक भवन, देहरादून में “फ्लेवर ऑफ देवभूमि” पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक का प्रकाशन इंडियन फेडरेशन ऑफ कुलिनरी एसोसिएशन द्वारा किया गया है। पुस्तक के निर्माण में शेफ डॉ. नीरज अग्रवाल, शेफ योगेन्द्र सिंह नेगी, शेफ दीपा चावला तथा गोपाल सिंह का विशेष योगदान रहा है।
यह पुस्तक उत्तराखण्ड के पारंपरिक खान-पान, संस्कृति एवं जीवन-शैली को सरल, रोचक और तथ्यपरक रूप में प्रस्तुत करती है। इसमें प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य लाभों का भी विस्तार से उल्लेख किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि “फ्लेवर ऑफ देवभूमि” उत्तराखण्ड की प्राचीन रसोई परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि मंडुआ, झंगोरा और जखिया जैसे पारंपरिक अनाज एवं मसाले स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं और इनमें औषधीय गुण भी विद्यमान हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में जैविक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है और उत्तराखण्ड इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने मातृ-शक्ति की भूमिका की विशेष सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाओं ने इन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है।
अंत में राज्यपाल ने पुस्तक के लेखकों एवं पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button