उत्तराखण्डशिक्षा

राज्यपाल ने ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ में विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

देहरादून 06 फरवरी, 2026 ।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को ओएसिस स्कूल, रायपुर, देहरादून में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘‘परीक्षा पे चर्चा–2026’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘परीक्षा पे चर्चा’’ न केवल छात्रों की शंकाओं का समाधान करता है, बल्कि अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा को बोझ न मानें, बल्कि इसे अपने ज्ञान और क्षमताओं को परखने का अवसर समझें। दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं से बेहतर बनने की प्रतिस्पर्धा करें।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति केवल सपने देखने से नहीं होती, बल्कि स्पष्ट उद्देश्य, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। इच्छाशक्ति को निरंतर कर्म से जोड़ना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने का अवसर भी है।
उन्होंने प्रश्न को ठीक से समझने पर विशेष बल देते हुए कहा कि जब प्रश्न स्पष्ट होता है, तभी उत्तर भी सही और सार्थक होता है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपने कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर चुनौतियों को स्वीकार करने का आह्वान किया और कहा कि कठिन परिश्रम से ही आत्मविश्वास का निर्माण होता है।
राज्यपाल ने कर्म और कर्तव्य को जीवन का मूल आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक कर्म का परिणाम निश्चित होता है। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक प्रतिस्पर्धा दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं को हर दिन बेहतर बनाने से होती है। यही सोच व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक बनाती है और राष्ट्र निर्माण में उसकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करती है।
इस अवसर पर सचिव, राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, स्कूल के चेयरमैन राकेश ओबेरॉय, निदेशक राघव ओबेरॉय, प्रधानाचार्य संजीव बाटला सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button