एमडीडीए का अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज, सहस्त्रधारा रोड समेत कई इलाकों में सीलिंग
देहरादून 06 फरवरी ।
राजधानी देहरादून में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा अवैध निर्माण के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माणों पर सख़्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया।
एमडीडीए की टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित डिफेन्स एन्क्लेव, डांडा नूरीवाला क्षेत्र में आयुष एवं सुशील द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे बहुमंजिला निर्माण को चिन्हित किया। जांच के दौरान निर्माण को नियम विरुद्ध पाए जाने पर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब एवं वैध मानचित्र प्रस्तुत न किए जाने पर प्राधिकरण ने निर्माण को सील कर दिया।
इसके अतिरिक्त, टीम द्वारा सहस्त्रधारा क्षेत्र के एकता विहार में भी बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमों की अवहेलना करते हुए किए जा रहे निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र एवं नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर सीलिंग के साथ-साथ ध्वस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य के लिए किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध रास्ता न अपनाएं और प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें। पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।