उत्तराखण्डकानून व्यवस्था

देहरादून हत्याकांड: एसपी मुख्यालय ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा

देहरादून, 05 फरवरी 2026।

कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या से जुड़े प्रकरण में नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने आज मामले की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में एसपी मुख्यालय ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके बयान दर्ज किए। घटना से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर आवश्यक जानकारी एकत्र की गई।
श्रीमती भदाणे ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक ढंग से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही अथवा त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी मुख्यालय ने कोतवाली नगर एवं पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं तथा पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान घटना के समय पुलिस की प्रतिक्रिया, सूचना प्राप्ति पर की गई कार्रवाई सहित सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखण्ड श्री सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button