देहरादून में क्रिकेट की नर्सरी बनेगी पेस्टल वीड क्रिकेट एकेडमी, ज़मीनी प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान
देहरादून, 1 फरवरी 2026।


उत्तराखंड में क्रिकेट को ज़मीनी स्तर पर मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मसूरी डाइवर्जन रोड स्थित द पेस्टल वीड स्कूल परिसर में पेस्टल वीड क्रिकेट एकेडमी का भव्य उद्घाटन किया गया। यह एकेडमी युवा और उभरती प्रतिभाओं को पेशेवर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का लक्ष्य रखती है।
एकेडमी का उद्घाटन कार्यक्रम दोपहर 12 बजे आयोजित हुआ, जिसमें क्रिकेट, प्रशासन और शिक्षा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के पूर्व सचिव श्री महिम वर्मा रहे। वहीं नेशनल अवार्डी एवं द पेस्टल वीड स्कूल के चेयरमैन डॉ. प्रेम कश्यप ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर सीएयू के उपाध्यक्ष श्री अजय पांडे, सीएयू सचिव श्रीमती किरण रौतेला वर्मा, पूर्व रणजी खिलाड़ी श्री राकेश भट्टी, उप निदेशक (ऑडिट) श्री रघुराज सिंह, मेजर जनरल (से.नि.) सम्मी सबरवाल, श्री संतोष गैरोला, श्री वरुण गुलाटी, श्रीमती राशि कश्यप (निदेशक, पेस्टल वीड स्कूल) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पेस्टल वीड स्कूल के गौरवशाली पूर्व छात्र युधवीर सिंह चरक की उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। दाएं हाथ के मध्यम-तेज गेंदबाज युधवीर भारतीय पेशेवर क्रिकेट में अपनी सशक्त पहचान बना चुके हैं और आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स व राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया गया।
पेस्टल वीड क्रिकेट एकेडमी का विज़न युवा क्रिकेटरों को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में तकनीकी, शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। वक्ताओं ने कहा कि एकेडमी प्रतिभा की पहचान से लेकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने के लिए एक सशक्त और व्यवस्थित मंच प्रदान करेगी।
कार्यक्रम का समापन सीएयू के मुख्य संरक्षक एवं एकेडमी आयोजक श्री अमित लारा के पिता श्री पी. सी. वर्मा के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि पेस्टल वीड क्रिकेट एकेडमी भविष्य में उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश को उत्कृष्ट क्रिकेट खिलाड़ी देने में अहम भूमिका निभाएगी।