उत्तराखण्डराज्य

मानसून से पहले सभी सिंचाई व नदी संरक्षण कार्य पूरे करें: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 30 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटेक्शन कार्यों एवं डीसिल्टिंग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून सीजन के दौरान बाढ़ की संभावित आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण, संवर्द्धन एवं संभरण योजनाओं के अंतर्गत चेक डैम निर्माण, रिचार्ज शाफ्ट निर्माण एवं तालाब निर्माण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा राज्य में कुल 708 चेक डैम का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही ऊधम सिंह नगर, नैनीताल एवं हरिद्वार जनपदों में कुल 419 रिचार्ज शाफ्ट स्थापित की गई हैं, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल का पुनर्भरण संभव हो सकेगा।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि 09 वन प्रभागों में पेयजल विभाग एवं सारा के माध्यम से 14 जल स्रोतों के उपचार हेतु जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं कैम्पा योजना के अंतर्गत विभिन्न वन प्रभागों में 247 जल धाराओं के उपचार का कार्य प्रगति पर है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग को आगामी वनाग्नि सीजन को देखते हुए अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए पर्याप्त मानव संसाधन के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि वन पंचायतों एवं वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों के साथ विभाग का नियमित समन्वय बना रहे। वन संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए तथा फायर लाइनों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, युगल किशोर पंत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button