गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस जवानों को बड़ी सौगात 46 अपर गुल्मनायक बने गुल्मनायक, पुलिस मुख्यालय ने दी पदोन्नति
देहरादून, 24 जनवरी 2026 ।🇮🇳
गणतंत्र दिवस से पूर्व उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों को बड़ी सौगात देते हुए पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा 46 कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है। इस क्रम में 46 अपर उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस एवं अपर गुल्मनायक पीएसी/आईआरबी को पदोन्नत कर गुल्मनायक पीएसी/आईआरबी के पद पर नियुक्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह पदोन्नति पुलिस विभाग की पदोन्नति नियमावली एवं वरिष्ठता के आधार पर की गई है। पदोन्नति प्राप्त करने वाले सभी कार्मिक लंबे समय से विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पदोन्नत कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदोन्नति उनके कठिन परिश्रम, अनुशासित सेवा एवं उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन का परिणाम है। साथ ही उम्मीद जताई कि नवपदोन्नत गुल्मनायक अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
पुलिस विभाग में इस पदोन्नति से पीएसी एवं आईआरबी इकाइयों की कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता को और मजबूती मिलेगी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मिली यह सौगात जवानों के मनोबल को बढ़ाने वाली है और इससे पुलिस बल में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होगा।