वार्ड–41 इंदिरापुरम में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती व बसंत पंचमी श्रद्धा से मनाई गई
देहरादून
23 जनवरी । सरदार पटेल मंडल के अंतर्गत वार्ड–41, इंदिरापुरम में आज महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जन्म जयंती एवं बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और साहस का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से नेताजी के विचारों को आत्मसात करते हुए “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज एवं देश के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी को राष्ट्र प्रथम का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान बसंत पंचमी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और माँ सरस्वती से ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री मनोज कम्बोज, कार्यक्रम संयोजक पार्षद बबीता गुप्ता एवं भारती गांगुली, मंडल मंत्री सुंदेश्वर ठाकुर, सुषमा पंवार, प्रशांत मित्तल, मनोज गुप्ता, अनिल केशव, मंदिरा चौधरी, सरोज झा, पीयूषा, राहुल सेमवाल, ममता, मीता सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।