राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी ने की शिष्टाचार भेंट

लोक भवन, देहरादून 21 जनवरी, 2026 । उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से आज नई दिल्ली में अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक, प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाज में शांति, अहिंसा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी ने विश्व स्तर पर अहिंसा और शांति के संदेश के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राज्यपाल को दी।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आचार्य लोकेश मुनि जी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में समाज को सही दिशा देने के लिए ऐसे संतों और आध्यात्मिक गुरुओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अहिंसा और शांति के सिद्धांत ही मानवता के सच्चे मार्गदर्शक हैं।
आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी ने राज्यपाल के स्नेहपूर्ण व्यवहार और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। यह भेंट समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिकता और भाईचारे के संदेश को मजबूत करने वाली रही।

