उत्तराखण्डराजनीतिराष्ट्रीय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव निर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात

दिल्ली में भेंट कर दी बधाई, पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जताई उम्मीद

नई दिल्ली 20 जनवरी 2026 । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि श्री नितिन नबीन का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा देशभर में भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में श्री नितिन नबीन जैसे अनुभवी और कर्मठ नेता का पार्टी अध्यक्ष बनना कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश भरने वाला कदम है।
श्री धामी ने उम्मीद जताई कि भाजपा आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनसेवा के अपने संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में पार्टी की जड़ें और मजबूत होंगी तथा विकास और सुशासन के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों, आगामी चुनावी रणनीतियों तथा राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने श्री नितिन नबीन को उत्तराखंड आने का भी आमंत्रण दिया।

Related Articles

Back to top button