राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया “न्यू पार्लियामेंट: वॉयस ऑफ भारत” पुस्तक का विमोचन
नया संसद भवन आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम : राज्यपाल
लोक भवन, देहरादून 20 जनवरी 2026 ।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में “न्यू पार्लियामेंट: वॉयस ऑफ भारत” पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक प्रो. के. पी. सिंह हैं, जिसमें नए संसद भवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का विस्तार से वर्णन किया गया है।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक उस ऐतिहासिक क्षण को सहेजने का कार्य करती है, जब नए संसद भवन को राष्ट्र को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि नया संसद भवन आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत संगम है, जो भारत के आत्मविश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करता है।
राज्यपाल ने कहा कि नया संसद भवन केवल प्रशासनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए नहीं बनाया गया है, बल्कि यह भारतीय कला, संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक भी है। उन्होंने संसद परिसर में स्थापित ‘सेंगोल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कर्तव्य, सेवा और धर्म का प्रतीक है तथा यह संदेश देता है कि सत्ता का मूल उद्देश्य सेवा होना चाहिए।
राज्यपाल ने पुस्तक के लेखक प्रो. के. पी. सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र से जुड़े विचारों और भावनाओं को इस पुस्तक के माध्यम से सरल, प्रभावी और प्रेरणादायक ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी और लोगों को संविधान, संसद तथा अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेगी।
