उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

कटारमल सूर्य पर्व मेले में शामिल हुईं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, मंदिर सौंदर्यीकरण की घोषणा

अल्मोड़ा, 11 जनवरी 2026। उत्तराखण्ड सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने रविवार को अल्मोड़ा के कटारमल स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में आयोजित सूर्य पर्व मेले में प्रतिभाग किया। यह मेला प्रतिवर्ष पौष माह के अंतिम रविवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगने वाले मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के बाद कटारमल सूर्य मंदिर अब धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भी लाभ मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा शीघ्र ही इस ऐतिहासिक मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए बजट को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर की भव्यता और बढ़ेगी तथा अधिक संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के सभी धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है, जो “विकास भी – विरासत भी” की भावना के अनुरूप है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन एवं हवन भी किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र दयाल, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष कुंदन राम, स्याही देवी मंडल महामंत्री देवेंद्र मेहरा, नरेंद्र बिष्ट, मजखाली मंडल अध्यक्ष दीपक बोरा, ग्राम प्रधान उमा देवी, वीरेंद्र चिलवाल, विपिन पाठक, गोपाल खोलिया, हरीश रौतेला, महेंद्र बिष्ट, राजू रावत, दिनेश वर्मा, नवीन आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button