राष्ट्रीयउत्तराखण्डशिक्षा

बी.एस. नेगी पॉलिटेक्निक में अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद की संगोष्ठी आयोजित

देहरादून 10 जनवरी। बी.एस. नेगी पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट, देहरादून में अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद, देहरादून चैप्टर द्वारा आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ मौन प्रार्थना से किया गया। संगोष्ठी में पधारे मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का स्वागत परिषद के अध्यक्ष एस.एस. कोठियाल ने किया।
संगोष्ठी की मुख्य अतिथि प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद जैसी संस्थाओं का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने मानवीय संवेदनाओं से जुड़े विषयों पर आयोजित इस संगोष्ठी को समयोचित बताते हुए सभी से इस पर गंभीरता से ध्यान देने का आह्वान किया।
परिषद के सभी चैप्टर्स के चेयरमैन तथा दिल्ली से पधारे विशिष्ट अतिथि के.टी.एन. मल्होत्रा ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में परिषद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने देवभूमि में मानव और वन्य जीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसके समाधान हेतु प्रभावी उपाय सुझाए।
साइबर विशेषज्ञ राजीव सेमवाल ने साइबर अपराध की बारीकियों से श्रोताओं को अवगत कराया। वहीं विशिष्ट अतिथि हर्ष डोभाल ने विश्व और देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन चिंतन प्रस्तुत किया। उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण समिति के चेयरमैन कर्नल अजय कोठियाल ने देवभूमि उत्तराखंड की जनसमस्याओं के गंभीरता से निवारण पर जोर दिया तथा राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ के अवसर पर समूचे उत्तराखंड के विकास हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
मंच पर उपस्थित वक्ताओं ने श्रोताओं द्वारा पूछे गए गंभीर प्रश्नों के त्वरित उत्तर देकर सभी को संतुष्ट किया। परिषद के संरक्षक राकेश ओबराय ने सामाजिक परिवेश में परिषद की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव बैरी ने महानगर देहरादून कमेटी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
राज्य बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं ने सभी अतिथियों का परिचय कराया। संगोष्ठी के समापन पर परिषद के उपाध्यक्ष डी.के. भट्ट (IPS) ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन परिषद के सचिव आदेश शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर पूर्व सूचना आयुक्त जे.पी. ममगाईं, दयानंद चंदोला, अशोक विंडलास, चंद्रगुप्त विक्रम, मधु बैरी, एस.डी.एस. मान, आर.के. बक्शी, कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा, अजीत तोमर, टी.आर. उनियाल (IG Retd.), शैल बिष्ट, शकुन्तला चंदोला, धनपति कोठियाल, पी.सी. डंगवाल, एस.के. त्यागी, आनंद नौटियाल, जनसंपर्क अधिकारी योगेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में बी.एस. नेगी पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट एवं तुलाज इंस्टीट्यूट की छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button