उत्तराखण्डराजनीति

कोटद्वार में भाजपा जिला कार्यकर्ता बैठक: विकसित भारत–2047 के संकल्प को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान, 57 नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

कोटद्वार 03 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी, कोटद्वार द्वारा आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं को घर–घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट के कोटद्वार आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने कौड़िया बैरियर पर उनका जोरदार स्वागत–अभिनन्दन किया। पनियाली वन विभाग के सभागार में आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजगौरव नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सिंह बिष्ट, महापौर श्री शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री श्री राजेन्द्र अन्थवाल, श्री ऋषि कंडवाल एवं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती बीना राणा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और मोदी–धामी सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षदों सहित 57 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होकर वे राष्ट्र निर्माण की यात्रा के सहभागी बने हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, निकाय, पंचायत और सहकारी संस्थाओं में भाजपा को मिल रही जीत इस बात का प्रमाण है कि सरकार जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि घटते जनाधार से बौखलाकर वह ओछी राजनीति कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने “जनता की सरकार, जनता के द्वार” की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों—बुनियादी ढांचा विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर और पारदर्शी शासन—को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजगौरव नौटियाल ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा के भाव से कार्य करता है और मोदी सरकार की नीतियां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र पर आधारित हैं।
महापौर श्री शैलेन्द्र सिंह रावत ने डबल इंजन सरकार के कारण नगर विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं में आई तेजी का उल्लेख किया। वहीं प्रदेश मंत्री एवं राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट श्री सतीश लखेड़ा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, जबकि राज्य सरकार पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।
कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अनुसूचित मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक में गौ सेवा आयोग अध्यक्ष, विभिन्न बोर्ड–निगमों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button