नववर्ष पर उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों को पदोन्नति का तोहफा, 229 मुख्य आरक्षी बने अपर उपनिरीक्षक

देहरादून, 31 दिसम्बर। नए साल के अवसर पर उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय ने नववर्ष पर पदोन्नति का तोहफा देते हुए नागरिक पुलिस के 229 मुख्य आरक्षियों (हेड कांस्टेबल) को अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत किया है। इनमें 25 महिला मुख्य आरक्षी भी शामिल हैं।
उत्तराखण्ड पुलिस के लिए वर्ष 2025 पदोन्नतियों के लिहाज से एक ऐतिहासिक वर्ष रहा है। इस वर्ष विभाग में विभिन्न रैंकों और संवर्गों में कुल 1060 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल को मजबूती मिली है।
वर्ष 2025 में विभिन्न संवर्गों में प्रमुख पदोन्नतियाँ
निरीक्षक – 150
उपनिरीक्षक – 92
अपर/सहायक उपनिरीक्षक – 385
मुख्य आरक्षी – 331
इसके अतिरिक्त—
अपर पुलिस अधीक्षक (विशेष श्रेणी) – 05
अपर पुलिस अधीक्षक (श्रेणी–01) – 10
अपर पुलिस अधीक्षक (श्रेणी–02) – 28
पुलिस उपाधीक्षक (ज्येष्ठ वेतनमान) – 18
पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) – 33
अपर पुलिस अधीक्षक दूरसंचार (श्रेणी–02) – 02
पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस दूरसंचार – 03
मुख्य अग्निशमन अधिकारी – 03
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड, श्री दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति से पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे दोगुने उत्साह एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मियों के कल्याण, निष्पक्ष प्रक्रिया और समय पर पदोन्नति के लिए पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।