उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

शहीद ऊधम सिंह के जन्म दिवस पर कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

रूद्रपुर, 26 दिसम्बर। महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, ओसी गौरव पाण्डेय तथा डॉ. बलवीर सिंह ने शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कलेक्ट्रेट परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि शहीद ऊधम सिंह सहित देश के वीर शहीदों की कुर्बानी और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इन्हीं महान बलिदानों के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए देश और समाज को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह एक महान क्रांतिकारी थे, जिनके जीवन से हमें देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जीवनी से सीख लेकर जनपद को सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शहीद के नाम पर बने इस जिले को अग्रणी जिला बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button