उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर बाल दिवस पर साहिबजादों की शहादत को किया नमन

देहरादून 25 दिसंबर । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर सिखों के दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी तथा उनके चारों वीर साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
वीर बाल दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान न केवल भारत के इतिहास में, बल्कि पूरे विश्व इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का एक अनुपम एवं अद्वितीय अध्याय है। अल्पायु में ही उन्होंने धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा साहिबजादों की शहादत के सम्मान में वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा, उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों तक साहिबजादों की वीरता, शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों का त्याग और बलिदान आज भी देश की युवा पीढ़ी को साहस, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है तथा हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश देता है।

Related Articles

Back to top button