मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती पर किया भावपूर्ण स्मरण

देहरादून 25 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ ने देश की आज़ादी के लिए आंदोलनरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को अस्वीकार कर अद्वितीय देशभक्ति, साहस और नैतिक दृढ़ता का परिचय दिया। उनका यह निर्णय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में साहसिक और प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आज़ादी के संघर्ष में ‘पेशावर कांड’ एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में यह घटना मील का पत्थर सिद्ध हुई, जिसने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा और क्रांतिकारी आधार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक साहस की प्रेरणा देता रहेगा।