उत्तराखण्डराज्य
पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ का साहस और देशभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री

देहरादून, 24 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती की पूर्व संध्या पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ ने देश की आज़ादी के लिए संघर्षरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को अस्वीकार कर अद्वितीय देशभक्ति, साहस और नैतिक दृढ़ता का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पेशावर कांड एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है। यह घटना भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में मील का पत्थर सिद्ध हुई, जिसने जनआंदोलन को नई दिशा और क्रांतिकारी आधार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ का बलिदान, त्याग और राष्ट्रप्रेम भावी पीढ़ियों को सदैव देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

