उत्तराखण्डराज्य

अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून 24 दिसंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व एवं कृतित्व देशवासियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि वे कुशल प्रशासक, दूरदर्शी राजनीतिज्ञ, लोकप्रिय जननेता और महान वक्ता थे। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था और उन्होंने सदैव देश की एकता, अखंडता और विकास को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता रहे हैं। उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया, बल्कि राज्य के समग्र विकास के लिए एक सशक्त और दूरदर्शी आधार भी तैयार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री रहते हुए राज्य निर्माण के साथ-साथ उत्तराखण्ड को विशेष औद्योगिक पैकेज प्रदान कर प्रदेश के विकास की सुदृढ़ नींव रखी। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बनाई और 21वीं सदी में मजबूती के साथ आगे बढ़ा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अटल जी में सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। उनकी दूरगामी सोच, ओजस्वी वक्तृत्व कला, साहित्यिक रचनाएँ, पोखरण परमाणु परीक्षण तथा कारगिल युद्ध में भारत को मिली ऐतिहासिक विजय के लिए उन्हें सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button