तहसील दिवस में दर्ज समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें : उप जिलाधिकारी
रूद्रपुर
17 दिसम्बर । तहसील दिवस में उठाई गई जनसमस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए त्वरित गति से निस्तारित करना सुनिश्चित करें। यह निर्देश उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने तहसील में आयोजित तहसील दिवस के दौरान अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील दिवस एवं जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार कार्यक्रम में पंजीकृत सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी प्रकार के प्रमाण पत्रों को शीघ्र निर्गत करने, विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन फार्म भरवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
खंड विकास अधिकारी असित आनंद ने जानकारी दी कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार 06 जनवरी 2026 को न्याय पंचायत बंण्डिया, 17 जनवरी को न्याय पंचायत के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बरा, 19 जनवरी को राजकीय इंटर कॉलेज दरउ तथा 27 जनवरी को न्याय पंचायत विगबाड़ा के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला में जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील दिवस के दौरान भूमि जांच से संबंधित 03 शिकायतों का निस्तारण किया गया। साथ ही शिविर में 46 खतौनी, 21 स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 07 जाति प्रमाण पत्र, 08 आय प्रमाण पत्र, 02 उत्तरजीवी प्रमाण पत्र तथा 01 हैसियत प्रमाण पत्र बनाकर आवेदकों को उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक संजय वर्मा, राधे सिंह राणा, उप निरीक्षक जगदीश सिंह दिगारी, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. बी.एस. रौतेल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पूजा सिंह, मंडी समिति के संजय शर्मा, सहकारिता निरीक्षक अयोध्या प्रसाद, बिजली विभाग के अन्नू अरोड़ा, मत्स्य विभाग की प्रगति, राजस्व विभाग के लक्ष्मण आर्या, विजय कुमार, मीनाक्षी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



