ध्रुव रौतेला ने मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष का पदभार संभाला, जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी प्रचार पर जोर

देहरादून 07 अप्रैल । ध्रुव रौतेला ने मंगलवार को सचिवालय में मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने सचिव सूचना Shailesh Bagauli से शिष्टाचार भेंट भी की।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री ध्रुव रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मीडिया एवं पत्रकारों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों की रक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, मीडिया और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित में लिए गए निर्णयों और नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

