आपदा प्रबंधन सचिव की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी का प्रयास

0
37

देहरादून 26 मई। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। मामला संज्ञान में आते ही आपदा प्रबंधन सचिव ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार साइबर ठग ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की फोटो, पदनाम और विभागीय डिटेल का प्रयोग कर एक फेसबुक आईडी बनाई गई है। इस आईडी में 321 फ्रेंड और म्यूचुअल फ्रेंड हैं। इसके माध्यम से लोगों से रुपये मांगे जा रहे हैं और इनमें से विनय गुप्ता, मनीष झा, लोकेश शर्मा, इब्राहीम आदि लोगों ने उनसे संपर्क कर मामले की सत्यता पूछी थी। इसके बाद ही उन्हें इस बात का पता चला था। साइबर थाने में जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ देहरादून नगर कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि इस तरह की ठगी में फेसबुक आईडी से पहले लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा जाता है और यह स्वीकार होने के बाद उनसे पैसे मांगे जाते हैं। देहरादून नगर कोतवाली प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले में फेसबुक आईडी का स्क्रीन शॉट और अन्य जानकारियां जुटाई गई हैं। विशेषज्ञों की मदद से इसमें जांच की जा रही है कि आखिर इस आईडी से कितने लोगों को ठगा गया है, जिन लोगों से संपर्क किया गया है, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।