अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर केंद्र सतर्क, किसानों को हर संभव मदद का भरोसा
नई दिल्ली 05 अप्रैल । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के विभिन्न राज्यों में हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने कृषि मंत्रालय के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से स्थिति की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित राज्यों के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जाए, ताकि नुकसान का सही आकलन कर राहत उपायों को तेजी से लागू किया जा सके।
उन्होंने देशभर के किसान भाई-बहनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार किसानों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि वह आज विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति के संबंध में विस्तार से चर्चा करेंगे, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके।


