अपराधउत्तर प्रदेशताज़ा खबर

बीमारी के बाद बच्चें की मौत से कोहराम परिजनों ने एक युवक पर लगाया तांत्रिक क्रिया कर नरबली का आरोप पुलिस ने आरोपी का 151 में किया चालान

शामली। गढीपुख्ता क्षेत्र के मानकपुर निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर उसके चार वर्षीय भतीजे पर तांत्रिक क्रिया कर उसकी नरबली दिए जाने का आरोप लगाते हुए गढीपुख्ता थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित का 151 में चालान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी रामकुमार का साढे चार वर्षीय पुत्र लविश करीब चार दिन पूर्व बीमार हो गया था, काफी उपचार के बाद भी बच्चे को कोई आराम नहीं मिला तो परिजनों ने उसे एक चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां शनिवार की रात बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से परिजनों में भी कोहराम मच गया था। बच्चे के चाचा जयकुमार ने गांव के ही विकास पुत्र पाल्लाराम पर बच्चे के ऊपर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाते हुए शनिवार की रात ही गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर दी। जयकुमार ने बताया कि विकास ने ग्रामीणों के समक्ष बच्चे पर तांत्रिक क्रिया करने की बात भी कबूल की है। विकास काफी समय से तांत्रिक क्रियाओं में लिप्त है जिससे अन्य ग्रामीणों को भी उससे भय बना हुआ है। आरोपी को कई बार तांत्रिक क्रिया करते समय ग्रामीणों ने भी देखा है। उसकी तांत्रिक क्रिया करने की वीडियो भी वायरल हो रही है। भविष्य में किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसी घटना न हो, इसलिए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष गढ़ीपुख्ता महावीर सिंह ने बताया कि बच्चा कई दिनों से बीमार चल रहा था जिसकी शनिवार की रात मौत हो गयी। परिजनों ने गांव के ही विकास नामक व्यक्ति पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है, मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट :- सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी जनपद शामली उ०प्र०।

Related Articles

Back to top button