विधायक की बदसलूकी आम जनता पर भारी, निगम कर्मचारियों ने किया सफाई सहित सभी काम-काज ठप

0
195

देहरादून 06 मार्च। सत्ता पक्ष के विधायक की हनक आम जनता पर भारी पड़ती दिख रही है। नगर आयुक्त और कर्मचारियों के साथ विधायक की ओर से की गई बदसलूकी और गालीगलौज से निगम के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। निगम कर्मचारी संघ ने विधायक के इस व्यवहार पर आक्रोश जताते हुए बुधवार से सफाई व्यवस्था के साथ ही सभी कार्य ठप कर दिया है।
कर्मचारियों नेता नाम बहादुर, सतेंद्र कुमार ने कहा कि विधायक की ओर से इस प्रकार से कर्मचारियों और नगर आयुक्त के साथ बदसलूकी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि सत्ता की हनक में उन्होंने यह सब कार्य किया है, लेकिन कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक विधायक सार्वजनिक रूप से अपने इस व्यवहार के लिए माफी नहीं मांगते और विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती निगम के सभी कर्मचारी कार्यबहिष्कार पर रहेंगे। मंगलवार रात से ही कर्मचारियों ने कूड़ा उठान कार्य ठप कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यबहिष्कार विधायक के माफी मांगने तक जारी रहेगा।