संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का फांसी पर लटका शव मिला मौहल्ला पंसारियान में हुई घटना, महिला की हत्या की आशंका पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा, एसपी ने भी मौके पर ली जानकारी

0
175

शामली। शहर के मौहल्ला पंसारियान स्थित एक मकान में महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका शव मिलने से सनसनी फैल गयी। महिला के दोनों हाथ आगे बंधे होने के चलते महिला की हत्या किए जाने की आशंका जतायी जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम को भिजवाया। एसपी अभिषेक ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के पति को भी मामले की सूचना दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के मौहल्ला पंसारियान में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गयी जब एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का फांसी पर लटका शव मिला। महिला के दोनों हाथ आगे की ओर बंधे हुए थे। मौहल्लेवासियों की सूचना पर एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी श्याम सिंह, कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री भी मौके पर पहुंचे तथा मौहल्ले वासियों से घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि महिला का नाम रीना है जिसका पति राकेश हरियाणा में रहकर काम करता है, मृतका के तीन बच्चे भी हैं। महिला के दोनों हाथ आगे बंधे होने से आशंका जतायी जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। दूसरी ओर फोरेंसिक व डाॅग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। एसपी अभिषेक ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि पंसारियान में एक महिला का फांसी पर लटका शव मिला है। महिला का पति बाहर काम करता है, घर में केवल तीन बच्चे हैं, जिनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। महिला के दोनों हाथ आगे बंधे हुए हैं जिससे हत्या की भी आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने मृतका के पति को भी मामले की जानकारी दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गयी है।

रिर्पोट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी जनपद शामली उ०प्रदेश।