लधियाघाटी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में सांसद ने किया ग्रामीणों से संवाद

लोहाघाट 22 अक्टूबर । सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने रविवार को लधियाघाटी क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का सघन दौरा कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए जन समस्याएं सुनी तथा कई विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को पीएम मोदी ने अपने सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए मुख्यमंत्री के रूप में अपने हनुमान पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व के लिए पर्याप्त साधन व संसाधन उपलब्ध कर हर क्षेत्र में ऐसा विकास हो रहा है, जिसकी लोगों ने कल्पना तक नहीं की थी। उन्होंने मोदी जी को युगावतार बताते हुए कहा कि आधुनिक भारत की जो तस्वीर सामने आती जा रही है, उसे साधारण मनुष्य नहीं कर सकता। टम्टा ने खेतीखान,धूनाघाट, लधौली, गुरौली, टाक कंदक, विरगुल, भिंगराड़ा, श्रीरीठासाहिब, मछीयाड़, शीला देवी मंदिर क्षेत्र, रमक, मंगललेक में जनसंवाद किया। रमक गांव में आने वाले सांसद टम्टा पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने ग्रामीणों की सुध ली। इस दौरान सर्वत्र ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जनसंवाद के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा को लेकर ही हमारी समाज में पहचान है। भाजपा की अलग राजनीतिक सोच है। टम्टा ने गुरुद्वारा श्री रीठासाहिब के दरबार हाल में मत्था टेककर सर्वत्र की भलाई के लिए मन्नतें मांगी। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि सिख गुरुओं की राष्ट्र व समाज सेवा की भावना को पीढ़ी दर पीढ़ी जारी रखने से इस समाज को देखते ही हमारा श्रद्धा व सम्मान के साथ मस्तक झुक जाता है। संसद के भ्रमण में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चंद्र पांडे, जिला अध्यक्ष निर्मल महारा, दीपक ओली, नवल कलखुडिया , प्रकाश बिनवाल, नवीन रसीला, गीता भट्ट, रमेश भट्ट, नीलांबर अटवाल, माया भट्ट, सी.एस. गहतोड़ी, कुंदन लटवाल आदि दर्जनों कार्यकर्ता पूरे समय साथ रहे। सांसद का लधिया घाटी के युवा कांग्रेसी नेता भोला बोहरा ने भी स्वागत किया।