विधानसभा मॉनसून सत्र 2023 पहले दिन चंदन रामदास को दी गई श्रद्धांजलि।

0
75

कल तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित।

जोशीमठ आपदा को लेकर कांग्रेस विधायक सदन की सीढ़ियों पर बैठ गए।

कांग्रेसी विधायकों ने जमकर की नारेबाजी।

देहरादून 05सितंबर। उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र 2023 शुरू हो गया है। सुबह 11 बजे सदन शुरू होते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन राम दास को सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि चंदन रामदास के निधन प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। जो भी काम वो बागेश्वर की जनता के लिए करना चाहते थे, उनको पूरा किया जाएगा। बता दें कि, आज पहले दिन शोक के चलते प्रश्नकाल नहीं हुआ। दोपहर बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, बुधवार 6 सितंबर को वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सदन में अनुपूरक बजट पेश करेंगे।
उधर, मंगलवार को सदन शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक मुखर दिखाई दिए। जोशीमठ आपदा को लेकर कांग्रेस विधायक सदन की सीढ़ियों पर बैठ गए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस नेता अनुपमा रावत, हरीश धामी, राजू भंडारी, सुमित हृदेश सहित कांग्रेस के कई विधायक विधानसभा भवन के बाहर अपने हाथों में लिखी नारों की तख्तियां के साथ धरना प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि आज विधानसभा सदन में दिवंगत कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास को श्रद्धांजलि दी जानी है। लिहाजा इस मौके पर कांग्रेस को इस तरह की राजनीति से बाज आना चाहिए। इससे पता लगता है कि विपक्ष की संवेदनाएं खत्म हो चुकी हैं। प्रेमचंद अग्रवाल का कहना है कि आज तमाम सदस्य चंदन रामदास को अपनी श्रद्धांजलि देंगे तो वहीं कल सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा सत्र के दौरान कई संशोधन विधेयक भी पेश किए जाएंगे।