उत्तर प्रदेशराष्ट्रीयविशेष समाचार

चंद्रयान-3 की लैडिंग को लेकर लोगों में दिखा भारी उत्साह, शाम 6.04 बजे सफल लैडिंग होने पर लोगों ने लगाए भारत माता के जयकारे घरों पर लहराये तिरंगे जमकर हुई आतिशबाजी, टीवी सैटों के सामने बैठे रहे लोग, पूरे दिन घरों में चलते रहे न्यूज चैनल  

शामली। भारत के चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैडिंग को लेकर लोगों में अच्छा खासा उत्साह नजर आया। बुधवार को लगभग पूरे दिन लोग अपने-अपने घरों में टीवी सैटों के सामने बैठकर भारत को गौरवान्वित करने वाले इस अभियान की खबरों को देखने में लगे रहे। चंद्रयान-3 की सफल लैडिंग के लिए कई लोगों ने मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना भी की, वहीं महिलाओं ने घरों में पूजा अर्चना कर इस अभियान के सफल होने की कामना की। शाम 6.04 बजे जैसे ही चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की धरती को छुआ, लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
जानकरी के अनुसार भारत के ऐतिहासिक चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैडिंग को लेकर शहर के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोगों की जुबान पर सिर्फ चंद्रयान की लैडिंग को लेकर चर्चाएं थी। घरों, दुकानों, कार्यालयों में लोग टीवी सैटों पर चंद्रयान-3 की लैडिंग की खबरों पर नजरें गडाए बैठे रहे। वहीं घरों में भी महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग न्यूज चैनलों पर चंद्रयान की लैडिंग संबंधी समाचारों में व्यस्त दिखे। शाम 5 बजे इसरो द्वारा लैडिंग की प्रक्रिया शुरू करने के बाद तो लोगों में अलग ही उत्साह नजर आया। चंद्रयान-3 की लैडिंग को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता बच्चों व युवाओं में देखने को मिली। बच्चों में उत्साह इतना दिखाई दिया कि जो कार्टून देखने में अपना समय गुजारते थे, आज वे चंद्रयान की लैडिंग के समाचारों को ध्यानपूर्वक देखते रहे। वहीं चंद्रयान की सकुशल लैडिंग के लिए लोगों ने भगवान से प्रार्थना भी की। बुधवार की सुबह मंदिर में कई लोगों ने पूजा अर्चना भी संपन्न करायी वहीं घरों में भी महिलाआंे ने भगवान से चंद्रयान-3 की सकुशल लैडिंग की प्रार्थना की। इसके अलावा दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों पर भी पूरे दिन लोग टीवी सैटों के सामने डटे रहे तथा अभियान के सफल होने की कामना की। शाम 6 बजकर 04 मिनट पर जैसे ही चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सकुशल लैडिंग की, लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। शहर में जगह जगह लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हिन्दुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय के नारे लगाए। कई जगह लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशियों का इजहार किया। कई जगह आतिशबाजी भी की गयी।

रिर्पोट : – सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी जनपद शामली उ०प्र०।

Related Articles

Back to top button